विद्यालय की स्थापना
आधिकारिक यूडाइस+ विवरण में एल. एस. हाई स्कूल का स्थापना वर्ष 1955 दर्ज है।
पूरी कहानी पढ़ें
मैं लक्ष्मीश्वर सिंहेश्वर उच्च विद्यालय, पलासी पटेगना हूँ। बहुत जद्दोजहद के बाद मेरी स्थापना हुई। वर्ष था 1955, मगर मेरी स्थापना का विचार वर्षों पहले ही स्वर्गीय श्री सिंहेश्वर ठाकुर जी के मन में अंकुरित हो चुका था। तीसरी कक्षा तक पढ़े-लिखे, संगीत और कला के प्रेमी ठाकुर जी के मन में इस क्षेत्र में उच्च शिक्षा की व्यवस्था को लेकर कहीं न कहीं एक कसक रही होगी। वैसे तो इलाके में बहुत-से ज़मींदार थे, मगर किसी ने इसे आवश्यक नहीं समझा।
मेरे प्रथम सचिव के रूप में खमघड़ा के विधायक श्री बालकृष्ण झा जी को चुना गया। सबसे पहले मुझे पंचायत भवन के उत्तर में स्थापित किया गया। फूस के भवन में एक कार्यालय और एक व्यक्ति के रहने के लिए कमरा था। साथ में दो-चार बेंच, कुर्सियाँ और एक मेज़ थीं। जहाँ वर्तमान में काली मंदिर है, उसके पास छात्रावास के लिए एक कोठरी भी बनाई गई थी।
श्री देवनारायण दास मेरे प्रथम प्रधानाध्यापक बने। पुराने ज़माने के गुरुजनों की तरह वे बहुत सख़्त और अनुशासनप्रिय थे। कहा जाता है कि उन्होंने पटेगना के एक विद्यार्थी को बहुत पीटा और बाँधकर चींटियों के ढेर पर लिटा दिया। इसके बाद राजनीति शुरू हो गई। पटेगना में व्यापारी, राजनेता और ज़मींदार—सभी थे। वर्तमान मध्य विद्यालय के पश्चिम में टीन की छत वाले भवन में एक और उच्च विद्यालय खोला गया।
मगर ठाकुर जी सूझबूझ वाले व्यक्ति थे। उन्होंने हार नहीं मानी और संघर्ष जारी रखा। देवनारायण दास जी को इन घटनाओं से ठेस पहुँची और वे जोगबनी हाई स्कूल चले गए। उनका कार्यकाल 1955 से 1959 तक रहा।
उनके बाद बिष्णुपुर के श्री गिरिजानंद जी आए। उन्होंने प्रधानाध्यापक का पदभार संभाला और दो वर्ष, 1959 से 1961 तक, रहे। फिर वे अमौर हाई स्कूल में प्रधानाध्यापक बनकर चले गए। इसके बाद जहानापुर के श्री राधाकांत झा जी ने पदभार संभाला। मगर 1960 के दशक के उत्तरार्ध में वे भी बी.बी. गंज चले गए और बाद में ली एकेडमी, हार्डीबाजार में प्रधानाध्यापक बने।
इस बीच ठाकुर जी संघर्ष करते रहे और उनके बड़े पुत्र, स्वर्गीय श्री राधाकांत ठाकुर जी, भी भागदौड़ में लगे रहे। उस समय शाहबाज़पुर के स्वर्गीय श्री कृपानाथ झा जी आर.एस. हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। ठाकुर जी उन्हें पलासी लाए और विद्यालय के लिए एक प्रधानाध्यापक उपलब्ध कराने का आग्रह किया। उस समय यह क्षेत्र पूर्णिया ज़िले में था और कृपा बाबू का अपना अलग प्रभाव था।
इसी दौरान शिक्षा विभाग के ज़िला अधिकारियों तक एक शिकायत पहुँची। यह मामला श्री दामोदर कुंवर जी से जुड़ा था। उन्होंने पहले डी.एस. कॉलेज में लिपिक के रूप में काम किया था। वे अपने अक्खड़ स्वभाव के लिए जाने जाते थे और नियम-कानून के अनुसार काम करते थे। उनका यह तौर-तरीका कुछ लोगों को पसंद नहीं आया। बाद में वे डी.एस. कॉलेज छोड़कर सरसी उच्च विद्यालय के प्रधानाध्यापक बने।
सरसी बनौत राजपूतों का गाँव था। वहाँ के राजपूत भी अक्खड़ स्वभाव के थे और कुंवर जी भी। कुंवर जी विद्यालय के एक कमरे में रहते थे। गाँव के राजपूतों के मवेशी विद्यालय परिसर में घुसकर उत्पात मचाते थे। कुंवर जी यह सब बर्दाश्त करने वालों में से नहीं थे। एक दिन वे स्वयं सारे मवेशियों को हाँककर गाँव के एक बड़े बनौत राजपूत के खेत में छोड़ आए। बस, ठन गई।
जब यह मामला ज़िला शिक्षक संघ में उठा, तो कृपा बाबू को याद आया कि पलासी में एक प्रधानाध्यापक की आवश्यकता है। उन्होंने कुंवर जी से बातचीत की और उनके पलासी जाने की तिथि तय हुई। इसके बाद कृपा बाबू पलासी आए और ठाकुर जी को सारी बातें बताईं।
कहते हैं कि ठाकुर जी के पास एक भैंसागाड़ी थी, जिसका भैंसा हवा की गति से चलता था। एक दिन राधा बाबू और गाड़ीवान दिन में पलासी से सरसी के लिए निकले। रात में वे कुंवर जी को वहाँ से लेकर चले और अगले दिन सुबह पलासी पहुँच गए। कुंवर जी की शर्त थी, “मैं किसी के दरवाज़े पर नहीं रहूँगा।” इस प्रकार श्री दामोदर कुंवर जी ने 1961 के मध्य में मेरे प्रधानाध्यापक का पदभार संभाला।
इससे पहले, 1959 में, भूगोल में एम.ए. और अपने विषय के विद्वान श्री गंगानंद झा जी यहाँ आए थे। उन्होंने भी प्रधानाध्यापक का पदभार संभाला था। गंगा बाबू बहुत सरल व्यक्ति थे। प्रशासन में प्रयुक्त साम, दाम, दंड और भेद की नीतियों से वे परिचित नहीं थे। उन्हें उनके बड़े भाई श्री दुर्गानाथ झा जी यहाँ लाए थे, जो मदनपुर हाई स्कूल के प्रधानाध्यापक थे। 1959 में ही आई.एससी. उत्तीर्ण श्री सतीश चंद्र मेहता जी भी यहाँ आए।
शिवदेव बाबू 1962 में आए। उनके यहाँ आने के पीछे भी एक कहानी है। वे तीन भाई थे। उनके बड़े भाई को लोग “महात्मा जी” कहते थे। ठाकुर जी विद्यालय की मान्यता को लेकर परेशान थे। उन्हें पता चला कि सुकसेना के महात्मा जी के ज़िला शिक्षा पदाधिकारी से अच्छे संबंध हैं। ठाकुर जी उन्हें सुकसेना से पलासी ले आए। फिर वे पूर्णिया गए, मगर ज़िला शिक्षा पदाधिकारी टस से मस नहीं हुए।
महात्मा जी ने कहा, “आप मेरे छोटे भाई शिवदेव को शिक्षक रख लीजिए। मंज़ूरी मैं दिलाऊँगा।” इस तरह 1962 में शिवदेव बाबू यहाँ शिक्षक बनकर आ गए और महात्मा जी भी पलासी में रहने लगे।
एक दिन महात्मा जी की नज़र ठाकुर जी की पाँच थनों वाली गाय पर पड़ी। उसके पाँचों थनों से दूध निकलता था और वह पाँच किलो दूध देती थी। महात्मा जी चौंक गए और बोले, “समझिए, काम हो गया!”
फिर वही भैंसागाड़ी तैयार की गई। गाय और बछड़े को गाड़ी पर चढ़ाया गया। महात्मा जी, राधा बाबू और गाड़ीवान सीधे पूर्णिया में ज़िला शिक्षा पदाधिकारी के घर पहुँचे। साहब कार्यालय में थे और उनकी पत्नी घर पर थीं। महात्मा जी की उनसे जान-पहचान थी। उन्होंने कहा, “मैडम, आपके लिए कामधेनु गाय लाया हूँ।”
गाय को देखकर मैडम बहुत प्रसन्न हुईं। गाय दुही गई, तो पाँच किलो दूध निकला। उन्होंने महात्मा जी, राधा बाबू और गाड़ीवान को भोजन कराया। कहा जाता है कि दोपहर में जब साहब कार्यालय से घर आए, तो मैडम ने विद्यालय की फ़ाइल लेकर उनसे ज़ोर देकर हस्ताक्षर करवा लिए और फ़ाइल इन लोगों को सौंप दी। यह वर्ष 1963 की बात है। इसी वर्ष मुझे मान्यता मिली।





